Dhar News - खरीदी के लिए उमड़ी भीड़, कई लोगों ने दिखाई लापरवाही


@बदनावर से सुरेश चौहान की रिपोर्ट  - खरीदी के लिए उमड़ी भीड़, कई लोगों ने दिखाई लापरवाही,

धार बदनावर से प्रशासन से लॉक डाउन में छूट मिलने के बाद आज नगर के व्यापारियों ने सुबह 8 से शाम 5 बजे तक अपनी दुकानें खुली रखी और कारोबार किया। छूट मिलते ही बड़ी संख्या में लोग इन दुकानों पर पहुंचे और आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी की।

नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के खरीदारी के लिए घरों से बाहर निकलने से नगर में काफी दिनों के बाद मुख्य बाजारों में चहल-पहल दिखाई दी। इस दौरान खरीदारी करने आए कई लोगों ने लापरवाही दिखाई और शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं किया। कई लोग बिना मास्क लगाए बाहर निकल आए तो कुछ लोग दोपहिया वाहन पर दो या तीन सवारी के साथ नगर में घूमते दिखाई दिए। हालांकि पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं ज्यादा जागरूक दिखाई दी। बाजार में खरीदी करने आई नगर व ग्रामीण क्षेत्र की अधिकतर महिलाएं मुंह पर मास्क लगाए हुए थीं। सुबह 8 बजे दुकानें खुलते ही दुकानों पर आवाजाही शुरू हो गई।

कई व्यापारियों ने दुकानों के बाहर ग्राहकों के खड़े होने के लिए गोल घेरे बनाए थे, पर इनका ठीक ढंग से पालन नहीं हुआ। कई दुकानदारो ने रस्सी बांधकर समझदारी दिखाई। चुनिंदा व्यापारियों ने ग्राहकों को दूर-दूर खड़ा करवा कर कारोबार किया। कुछ दवा व किराना दुकानों पर तो लोग एक-दूसरे से चिपक कर खरीदारी करते दिखाई दिए। एक-दो लोगों को छोड़ दें तो अधिकतर व्यापारियों ने ठीक 5 बजे अपनी दुकानें बंद कर दी थीं। दुकानें बंद होते ही लोग अपने घरों को लौट गए।

إرسال تعليق

0 تعليقات